05 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/सिविल लाइन
बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में देर शाम रविवार को एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां एसी कंप्रेसर फटने से दो सगे भाई गंभीर रूप से झुलस गए। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार, तैयबा चौक से कुम्हारपारा जाने वाली सड़क स्थित “परफेक्ट सॉल्यूशन” नामक दुकान में यह हादसा हुआ। शाम करीब 6:40 बजे दुकान में काम के दौरान अचानक एसी का कंप्रेसर जोरदार धमाके के साथ फट गया, जिसकी चपेट में आकर दुकान संचालक आरिफ मिर्जा और उनके भाई शब्बीर मिर्जा उर्फ पप्पू गंभीर रूप से झुलस गए।

धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।


घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तकनीकी खराबी बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
✍️ प्रधान संपादक, सीजी क्राइम रिपोर्टर✍️
