24 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/सिटी कोतवाली
बिलासपुर, 24 मार्च 2026। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में आम लोगों को डराने-धमकाने वाले एक आरोपी को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैला रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 मार्च को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि शनचिरी रपटा पुल दुर्गा मैदान के पास एक युवक आम रास्ते में चाकू लहराते हुए राहगीरों को डरा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार को अवगत कराया गया, जिन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देश मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में उसकी पहचान राजेश पासी उर्फ गोलू (27 वर्ष), निवासी टिकरापारा खटिक मोहल्ला के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद किया गया।
आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ा है।
