24 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना सिविल लाइन
बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित रिवर व्यू संडे मार्केट रविवार को अचानक हिंसा का मैदान बन गया, जब पर्स चोरी के शक में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मामूली विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया और महिलाओं व पुरुषों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई।
घटना के दौरान बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए, वहीं कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ देर के लिए पूरा मार्केट अशांत हो गया।
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हो रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और अब वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, एक छोटे से शक ने बड़ा बवाल खड़ा कर दिया, जिससे बाजार में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
