24 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 24 मार्च 2026। जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में आज आमजन की समस्याओं का अंबार देखने को मिला। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने स्वयं उपस्थित होकर शहर और ग्रामीण अंचलों से आए सैकड़ों लोगों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनदर्शन में पहुंचे लोगों ने निजी और सामुदायिक समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। इस दौरान नगर निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे और जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल ने भी लोगों की समस्याओं को सुना और निराकरण की दिशा में आवश्यक पहल की।

ग्राम कछार के सुरेश कुमार बंजारे ने शिकायत की कि गांव के एक व्यक्ति द्वारा गली में दीवार खड़ी कर रास्ता संकरा कर दिया गया है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। इस पर कलेक्टर ने एसडीओ को जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।

वहीं, बिलासपुर की उत्तरा यादव ने विधवा पेंशन दिलाने की मांग रखी, जिस पर समाज कल्याण विभाग को जांच के निर्देश दिए गए। ग्राम जरोंधा के परमानंद कौशिक ने अपनी निजी भूमि पर अवैध कब्जे और रास्ते में बाधा उत्पन्न किए जाने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि न्यायालय से आदेश मिलने के बावजूद अब तक कब्जा नहीं हटाया गया है। कलेक्टर ने प्रशासनिक हस्तक्षेप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

देवरीखुर्द निवासी पुरुषोत्तम दास ने प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के तहत स्वामित्व कार्ड जारी करने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि वर्षों से निवास के बावजूद उन्हें अब तक इसका लाभ नहीं मिला है। इस पर कलेक्टर ने एसडीओ मस्तुरी को शीघ्र कार्रवाई करने को कहा।

इसी तरह सकरी तहसील के ग्राम चिचिरदा निवासी धनीराम कौशिक ने भूमि सीमांकन में हो रही देरी की शिकायत की, जिस पर एसडीओ तखतपुर को जांच और निराकरण के निर्देश दिए गए। बिल्हा ब्लॉक के नगपुरा गांव की रूचि नेताम ने जाति प्रमाण पत्र में देरी से पढ़ाई प्रभावित होने की बात कही। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को मामले का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में कलेक्टर की तत्परता और संवेदनशीलता ने आमजन को राहत की उम्मीद दी है। प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई के निर्देशों से लोगों को न्याय मिलने की उम्मीद और भी मजबूत हुई है।
