20 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:चकरभाठा थाना क्षेत्र में 37 बकरी-बकरों की बड़ी चोरी का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए बकरी चोरी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
जानकारी के अनुसार, 15 मार्च 2026 को ग्राम सेवार और ग्राम सारधा से कुल 37 नग बकरी-बकरों की चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
जांच के दौरान फुटेज में संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में हेमराज उर्फ हेमू उर्फ राहुल साहू (18 वर्ष) और नजीर खान उर्फ मजीद खान (20 वर्ष) शामिल हैं।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 16 बकरे, 15 बकरियां और 6 पीठी सहित कुल 37 नग मवेशी (लगभग ₹77,000 कीमत) बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि चोरी किए गए 4 बकरों को आरोपियों ने काटकर बेच दिया था, जिसकी ₹4,000 की राशि भी जब्त कर ली गई है।
चकरभाठा पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, वहीं फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
👉 पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गैंग का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
