12 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बीच बाजार दो युवकों के बीच जमकर मारपीट का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि एक युवक ने गुस्से में अपनी चप्पल उतारकर दूसरे युवक की सरेराह पिटाई कर दी। यह पूरी घटना आसपास लगे कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेहरू नगर स्थित गणेश चौक के पास की बताई जा रही है। यहां बाजार के बीच किसी बात को लेकर दो युवकों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक युवक ने गुस्से में अपनी चप्पल उतार ली और दूसरे युवक को बीच सड़क पर पीटना शुरू कर दिया।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि कुछ देर तक दोनों युवकों के बीच मारपीट जारी रही। इस दौरान वहां लगे कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है और तेजी से चर्चा का विषय बन गया है।
बताया जा रहा है कि यह क्षेत्र काफी व्यस्त बाजार इलाका है, जहां आसपास के मोहल्लों से बड़ी संख्या में महिलाएं और लोग रोजाना सब्जी व अन्य घरेलू सामान खरीदने पहुंचते हैं। ऐसे भीड़भाड़ वाले स्थान पर खुलेआम मारपीट की घटना से लोगों में असुरक्षा की भावना भी देखी जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बीच बाजार इस तरह की गुंडागर्दी कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। लोगों ने पुलिस से इस मामले में सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल सामने आए वीडियो के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। अब देखना यह होगा कि सिविल लाइन थाना पुलिस आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर
