सफल ऑपरेशन के बाद 11 वर्षीय पीहू पूरी तरह स्वस्थ, परिवार ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
12 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जिला प्रशासन रायपुर द्वारा संचालित ‘प्रोजेक्ट धड़कन’ ने बिलासपुर की 11 वर्षीय बालिका पीहू कारके को नया जीवन दिया है। इस पहल के तहत पीहू की हृदय संबंधी गंभीर समस्या का सफल इलाज कर उसे स्वस्थ जीवन की नई राह मिली है। उपचार के बाद अब पीहू पूरी तरह स्वस्थ होकर सामान्य जीवन जी रही है।
जानकारी के अनुसार बिलासपुर के ग्राम भोजपुरी निवासी पीहू कारके लंबे समय से हृदय संबंधी बीमारी से जूझ रही थी। कक्षा छठवीं में पढ़ने वाली पीहू को दिल की समस्या के कारण खेल-कूद और अन्य शारीरिक गतिविधियों में काफी परेशानी होती थी। इसी दौरान जिला प्रशासन रायपुर द्वारा पुलिस विभाग के कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए आयोजित ‘प्रोजेक्ट छांव’ के तहत स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। पीहू के पिता पुलिस विभाग में कार्यरत हैं और वर्तमान में जगदलपुर में पदस्थ हैं।

स्वास्थ्य शिविर में पीहू की जांच कराई गई, जहां ‘प्रोजेक्ट धड़कन’ की विशेषज्ञ टीम ने उसके हृदय की विस्तृत जांच की। प्रारंभिक परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उसे आगे के उपचार के लिए श्री सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल भेजा। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जांच के बाद एक सप्ताह के भीतर पीहू का सफल ऑपरेशन किया।

सफल ऑपरेशन के बाद पीहू को स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अब वह बिलासपुर स्थित अपने घर में सामान्य जीवन जी रही है। पहले जहां उसे खेलने और दौड़ने में कठिनाई होती थी, वहीं अब वह अपनी बहनों और दादी के साथ कैरम सहित अन्य खेलों का आनंद ले रही है और पढ़ाई में भी मन लगाकर आगे बढ़ रही है।
पीहू की माता श्रीमती इंद्राणी कारके ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ‘प्रोजेक्ट धड़कन’ की वजह से उनकी बेटी का समय पर इलाज संभव हो पाया और आज वह स्वस्थ जीवन जी रही है।
यह पहल जरूरतमंद बच्चों के लिए वरदान साबित हो रही है। ‘प्रोजेक्ट धड़कन’ न केवल गंभीर हृदय रोग से जूझ रहे बच्चों को समय पर उपचार उपलब्ध करा रहा है, बल्कि उनके परिवारों में भी नई उम्मीद और विश्वास का संचार कर रहा है।
