11 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/बिल्हा
बिलासपुर। बिल्हा विकासखंड के प्राथमिक शाला धौराभाटा में विद्यालय के विकास में सहयोग देने वाले दानदाताओं के सम्मान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल ने दानदाताओं को सम्मान पत्र भेंट कर उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में रायपुर के दिनेश साहू ने विद्यालय को 12 स्टील कुर्सियां, 5 टेबल, 6 ग्रीन बोर्ड, एक बुक शेल्फ तथा 200 सेट बैग, स्वेटर, जूते, मोजे, टाई और बेल्ट प्रदान किए। वहीं बिल्हा के गौरव अग्रवाल ने 200 बच्चों के लिए एग्जाम पैड, कॉपी और स्टेशनरी किट उपलब्ध कराई। इसके अलावा धौराभाटा के पूर्व सरपंच शिव यादव ने विद्यालय को 6 सीलिंग फैन भेंट किए, जबकि विकासखंड बिल्हा के शिक्षक योगेश पांडेय ने स्कूल को एक प्रोजेक्टर प्रदान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत संकुल प्राचार्य अजय नाथ के स्वागत उद्बोधन से हुई। विकासखंड शिक्षा अधिकारी भूपेन्द्र कौशिक ने संस्था के इस प्रयास की सराहना की। वहीं डॉ. अखिलेश तिवारी ने दानदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षकों के प्रयास को प्रेरणादायी बताया। जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे ने कहा कि सामुदायिक सहभागिता की ऐसी पहल अन्य विद्यालयों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकती है। ग्राम सरपंच जीवन यादव ने विद्यालय को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
मुख्य अतिथि संदीप अग्रवाल ने कहा कि जिले में कुछ ही विद्यालय इतने संसाधनों से समृद्ध हैं। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर बच्चों की शैक्षिक प्रगति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन प्रधान पाठक श्रीमती प्रतिभा अवस्थी ने किया। उन्होंने विद्यालय के लिए संसाधन जुटाने में आई चुनौतियों की जानकारी दी और जिला पंचायत सीईओ को विद्यालय की आवश्यकताओं से संबंधित मांग पत्र भी सौंपा।
इस अवसर पर बच्चों को एग्जाम पैड और स्टेशनरी किट वितरित की गई। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिकाएं विद्या नायर, सुमित्रा, शशि, रेखा, अंजना और सुप्रिया का विशेष सहयोग रहा।
