09 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
🚨ब्रेकिंग न्यूज़ 🚨
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। सोमवार को Chhattisgarh High Court को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हाईकोर्ट को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा धमकी भरा ईमेल भेजा गया, जिसमें परिसर में बम रखे जाने का दावा किया गया है।
ईमेल की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं। एहतियातन हाईकोर्ट की सभी अदालतों में चल रही सुनवाई को कुछ समय के लिए रोक दिया गया। इसके साथ ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, डॉग स्क्वायड और बॉम्ब स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे हाईकोर्ट परिसर की सघन तलाशी शुरू कर दी गई।
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए हाईकोर्ट परिसर में आने-जाने वाले सभी लोगों की जांच कड़ी कर दी गई है। पुलिस द्वारा कोर्ट परिसर के हर हिस्से की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि किसी भी तरह के संभावित खतरे को टाला जा सके।
पुलिस के मुताबिक धमकी भरा ईमेल अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजा गया है। मामले की जांच के लिए साइबर टीम भी सक्रिय हो गई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ईमेल किस स्थान और किस आईपी एड्रेस से भेजा गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले 25 फरवरी को भी हाईकोर्ट को इसी तरह का धमकी भरा ईमेल मिला था। उस समय भी सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर की जांच की थी, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी और इसे बाद में फर्जी धमकी माना गया था।
फिलहाल पुलिस कोई भी जोखिम लेने के मूड में नहीं है। इसी वजह से हाईकोर्ट परिसर में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
✅ फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हुई हैं।
