09 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जन चेतना भारत पार्टी (JCBP) द्वारा पेंड्रीडीह स्थित पार्टी कार्यालय हरदी में भव्य महिला सम्मान समारोह एवं होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के योगदान को सम्मान देना, उन्हें सशक्त बनाने का संदेश देना और समाज में महिला सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, पार्टी पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार जसबीर सिंह चावला ने महिलाओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “नारी समाज की शक्ति है, उनके बिना समाज और देश का विकास अधूरा है।” उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, राजनीति, व्यवसाय और सामाजिक क्षेत्र सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और अवसर देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली लगभग 14 महिलाओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली प्रमुख महिलाओं में श्रीमती विन्देश्वरी आदिले, श्रीमती ममता शर्मा, श्रीमती लक्ष्मी कौशिक, श्रीमती सरिता कौशिक, श्रीमती मारिया दास, तरन्नुम बेगम, श्रीमती नीता पोर्ते, श्रीमती अन्नपूर्णा नेताम, श्रीमती आशा बंजारे, श्रीमती नम्रता नामदेव, मनप्रीत कौर खनूजा, साहिना बानो एवं श्रीमती चित्ररेखा साहू शामिल रहीं। सम्मानित महिलाओं ने इस पहल के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए इसे महिलाओं के सम्मान और प्रेरणा का महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम में बिलासपुर जोन प्रभारी अलीम अंसारी ने अपने उद्बोधन में महिलाओं के सम्मान में कहा कि “नारी सम्मान है, नारी अभिमान है, नारी ही सृष्टि की असल पहचान है।” उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाना ही एक मजबूत और समृद्ध समाज की नींव है।
कार्यक्रम का संचालन पार्टी के तहसील प्रभारी रवि यादव द्वारा किया गया। इस दौरान पार्टी के प्रमुख कार्यकर्ता खगेश केवट, मनोज जांगड़े, हसन अली, तनवीर शादाब, कासिम खान, मनोज कुशवाहा, नवीन साहू, राजेंद्र नवरंग, आकाश बंजारे सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने मिलकर होली मिलन समारोह मनाया और एक-दूसरे को आगामी होली पर्व की शुभकामनाएं दीं। पेंड्रीडीह में आयोजित यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण, सम्मान और सामाजिक सौहार्द का सशक्त संदेश देने में सफल रहा।
