08 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 8 मार्च 2026। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बालिकाओं और महिलाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्व. बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केन्द्र बहतराई में एक दिवसीय महिला खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 12 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की बालिकाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी, तीरंदाजी, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल और हॉकी जैसे विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। कबड्डी प्रतियोगिता में बालिका आवासीय कबड्डी अकादमी, बिलासपुर ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि बालिका आवासीय कबड्डी अकादमी, बिलासपुर ही उपविजेता रही। तीसरा स्थान वीर शिवाजी कबड्डी अकादमी, बिलासपुर और चौथा स्थान बिलासा कन्या महाविद्यालय, बिलासपुर को प्राप्त हुआ।
तीरंदाजी प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में सुलोचना राज प्रथम, पायल मरावी द्वितीय और माया बघेल तृतीय स्थान पर रहीं। जूनियर वर्ग में नंदनी पोर्ते ने प्रथम, यामिनी धीवर ने द्वितीय और सिमरन खुसरो ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सब-जूनियर वर्ग में स्नेहा प्रथम, निकिता द्वितीय और विनीता नेताम तृतीय स्थान पर रहीं, जबकि मिनी वर्ग में एकता ध्रुव प्रथम, नेहा यादव द्वितीय और स्मृति नेताम तृतीय स्थान पर रहीं।
बास्केटबॉल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ बास्केटबॉल टीम, बिलासपुर विजेता रही और बिलासा कन्या महाविद्यालय, बिलासपुर उपविजेता बना। वॉलीबॉल में पुलिस लाइन, बिलासपुर की टीम ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि राजकिशोर नगर, बिलासपुर की टीम उपविजेता रही। बिलासा कन्या महाविद्यालय को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
हॉकी प्रतियोगिता में टीम ‘ए’ स्व. बी.आर. यादव राज्य हॉकी, बिलासपुर विजेता रही, जबकि टीम ‘बी’ खेलो इंडिया हॉकी, बिलासपुर उपविजेता रही। टीम ‘सी’ हॉकी बिलासपुर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया और टीम ‘डी’ हॉकी बिलासपुर को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
समापन समारोह में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहायक संचालक ए. एक्का, क्रीड़ा अधिकारी डॉ. सुनील गौरहा, हॉकी हेड कोच अजीत ई. लकड़ा, वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो, कबड्डी प्रशिक्षक दिल कुमार राठौर, वॉलीबॉल प्रशिक्षक हरगुलशन सिंह, श्रीनिवास नायर, तीरंदाजी सहायक प्रशिक्षक ए.पी.सी. ईतवारी राज, मनमोहन पटेल सहित प्रशिक्षण केन्द्र के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
