08 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/सिटी कोतवाली
बिलासपुर। शहर के तेलीपारा इलाके में, जो सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है, एक कार बैक (पीछे) करते समय अचानक वर्षा फैशन नाम के कपड़ा शोरूम में घुस गई। बताया जा रहा है कि यह कार शिव शक्ति इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान संचालक की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन को संभवतः एक नाबालिग चला रहा था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि कार तेज रफ्तार में बैक (पीछे) करते हुए सीधे दुकान के अंदर जा घुसती है। उस समय दुकान के भीतर संचालिका महिमा सबनानी के पति मौजूद थे, जो इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर किया गया। परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें आगे अन्य अस्पताल में शिफ्ट कराया है।
इस मामले में सिटी कोतवाली पुलिस से बातचीत में थाना प्रभारी देवेश राठौर ने बताया कि घटना को लेकर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है
