01 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 1 मार्च 2026। अटल वयो अभ्युदय योजना (AVYAY) के अंतर्गत आयोजित “पीढ़ियों के संगवारी कार्यक्रम” ने शहर में भावनात्मक और प्रेरणादायी वातावरण का निर्माण किया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान, व्यापार विहार में आयोजित इस संभाग स्तरीय कार्यक्रम में बिलासपुर सहित मुंगेली, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिलों से आए वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि समाज तभी मजबूत बनता है, जब नई पीढ़ी अपने बुजुर्गों के अनुभवों का सम्मान और अनुकरण करे। उन्होंने इस आयोजन को पीढ़ियों के बीच संवाद बढ़ाने और सामाजिक समरसता को सशक्त करने वाला अभिनव प्रयास बताया।

महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने कहा कि राज्य शासन वरिष्ठ नागरिकों की सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, आश्रय और सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। अटल वयो अभ्युदय योजना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो वरिष्ठजनों के सम्मान और सहयोग को सुनिश्चित करती है।
संयुक्त संचालक टी.पी. भावे ने जानकारी दी कि वरिष्ठ नागरिकों को पेंशन योजनाओं, राष्ट्रीय वयोश्री योजना, तीर्थ दर्शन योजना और निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उनका जीवन अधिक सुरक्षित और सम्मानजनक बन सके।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित संवाद सत्र ने सभी को भावुक कर दिया, जहां वरिष्ठजनों ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए और युवाओं ने उनसे प्रेरणा ली। साथ ही इंडोर खेल प्रतियोगिताओं में बुजुर्गों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर यह संदेश दिया कि उम्र केवल एक संख्या है, उत्साह और ऊर्जा हर उम्र में बनी रह सकती है।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों, UNICEF और राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम ने पीढ़ियों के बीच संवाद और आपसी समझ को मजबूत करते हुए सामाजिक एकता और सम्मान का प्रेरणादायी संदेश दिया।
