28 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रहंगी
बिलासपुर, 28 फरवरी 2026। बिल्हा विकासखंड के ग्राम रहंगी में आयोजित वृहद किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों और जिलेवासियों को विकास एवं समृद्धि की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कृषक उन्नति योजना के तहत प्रदेश के 25.28 लाख किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की, जिससे किसानों में उत्साह का माहौल देखा गया। इनमें बिलासपुर जिले के 1,25,352 किसानों के खातों में 494.38 करोड़ रुपए सीधे पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 263.17 करोड़ रुपए की लागत से जिले में 89 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 15.99 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण हुए 7 कार्यों का लोकार्पण तथा 247.18 करोड़ रुपए की लागत से 82 नए कार्यों का शिलान्यास शामिल है। इन कार्यों से जिले में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और विकास को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन किसानों के सम्मान का दिन है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हित में प्रतिबद्ध है और होली से पहले सहायता राशि देकर किसानों को आर्थिक संबल प्रदान किया गया है। उन्होंने बताया कि किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण, खाद में सब्सिडी, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कृषि के लिए इस वर्ष 13 हजार करोड़ रुपए से अधिक का प्रावधान किया गया है, जो किसानों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि भूमिहीन कृषि मजदूरों के खातों में भी राशि अंतरित की जा रही है तथा पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के साथ समझौता किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों को कृषि उपकरण, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, चेक एवं अन्य सामग्री का वितरण भी किया। मछली पालन, कृषि, समाज कल्याण, उद्यानिकी, पशुपालन और श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत हितग्राहियों को आवास की चाबी एवं प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री ने चकरभाटा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन, मंगला में माध्यमिक शाला को हाई स्कूल में उन्नयन तथा रहंगी में खेल मैदान के विकास की घोषणा की। साथ ही सतनामी और आदिवासी समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50-50 लाख रुपए देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने किसानों से संवाद कर योजनाओं के लाभ की जानकारी ली। किसानों ने सहायता राशि मिलने पर सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
