26 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर जिले के रहंगी गांव में 28 फरवरी को प्रस्तावित मुख्यमंत्री के राज्य स्तरीय कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रहंगी के खेल मैदान में आयोजित समारोह में कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को धान खरीदी के अंतर की प्रोत्साहन राशि वितरण का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्य मंच, सांस्कृतिक मंच, विभागीय प्रदर्शनी स्टॉल, आमजन की बैठक व्यवस्था, पेयजल, बिजली, पार्किंग और सुरक्षा के लिए स्थान चिन्हित किए। खेल मैदान के पास हेलीपैड निर्माण की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। इसके अलावा पार्किंग और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए अलग-अलग स्थान तय कर कार्ययोजना तैयार की गई।
एसएसपी ने संभावित बड़ी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, ट्रैफिक कंट्रोल और प्रवेश-निकास व्यवस्था को लेकर विशेष योजना बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित लोक निर्माण, कृषि एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं समयसीमा के भीतर पूर्ण की जाएंगी।
