26 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/मस्तूरी
बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गौरा गांव में दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि पुलिस में शिकायत के बावजूद पीड़ित परिवार पर दोबारा जानलेवा हमला कर दिया गया। ताजा घटना में आरोपियों ने परिवार के युवक पर रास्ता रोककर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले जमीन पर अवैध कब्जे का विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़ित परिवार के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें महिलाओं के साथ मारपीट के दृश्य सामने आए थे।
मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी, लेकिन पीड़ित परिवार का आरोप है कि कार्रवाई केवल औपचारिकता तक सीमित रही।

बताया जा रहा है कि इसी विवाद को लेकर आज आरोपियों ने पीड़ित परिवार के बेटे इकबाल खान को निशाना बनाया। आरोप है कि नांचू नामक आरोपी और उसके साथियों ने रास्ता रोककर इकबाल खान पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक को पेट, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जबकि परिवार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करा रहा है।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपियों ने खुलेआम धमकी देते हुए कहा कि “थाने में रिपोर्ट करने से कुछ नहीं होगा”, जिससे क्षेत्र में पुलिस के प्रति अपराधियों के बेखौफ होने की चर्चा तेज हो गई है। परिवार ने आरोप लगाया कि यदि पहले की घटना में सख्त कार्रवाई होती, तो आज यह जानलेवा हमला नहीं होता।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी क्षेत्र में रसूखदार बताए जा रहे हैं और उन पर अवैध गतिविधियों में शामिल होने के आरोप भी लगते रहे हैं। इस पूरी घटना के बाद मस्तूरी पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
