24 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 24 फरवरी 2026। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों लोगों से सीधे मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनीं। बिना किसी औपचारिकता के नागरिकों ने अपनी समस्याएं कलेक्टर के सामने रखीं, जिस पर उन्होंने कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को जांच कर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनदर्शन में तखतपुर विकासखंड के ग्राम चनाडोंगरी की गंगोत्री बाई ने अपनी 20 डिसमिल भूमि घोंघा जलाशय में डूब क्षेत्र में जाने के बावजूद मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

वहीं ग्राम पत्थर्रा की सरपंच ज्योति गोस्वामी ने जर्जर मिडिल स्कूल भवन के स्थान पर नए भवन निर्माण की मांग रखी, जिस पर जिला पंचायत को परीक्षण के निर्देश दिए गए।
बिल्हा विकासखंड के ग्राम मदनपुर की श्रमिक सरिता बाई ने मनरेगा के तहत किए गए कार्य की बकाया मजदूरी भुगतान नहीं होने की शिकायत की।
कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल को भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मस्तूरी क्षेत्र में रोजगार सहायक द्वारा सरकारी राशि से निजी भूमि पर बोर खनन कराने की शिकायत पर भी जांच के आदेश दिए गए।

गढ़ कलेवा का संचालन करने वाले महिला समूह ने भोजन पैकेट का भुगतान लंबित होने की समस्या बताई, जबकि हरदी कला के किसान मुरली प्रसाद साहू ने खाद उपलब्ध नहीं होने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मस्तूरी निवासी भूतपूर्व सैनिक की पत्नी लक्ष्मीबाई ने मकान निर्माण हेतु भूमि आवंटन लंबित होने की समस्या रखी, जिस पर कलेक्टर ने एसडीएम को कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं ढेका बायपास सड़क निर्माण से प्रभावित किसानों ने फसलों की क्षति का आकलन कर मुआवजा दिलाने की मांग की, जिस पर एसडीएम बिलासपुर को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने कहा गया।
जनदर्शन में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आम जनता की समस्याओं का पारदर्शी, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
