बिलासपुर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, 5 शातिर गिरफ्तार… 2 किलो से ज्यादा सोना, लाखों नकद और हथियार बरामद
19 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना सरकंडा
बिलासपुर। राजकिशोर नगर में ज्वेलरी कारोबारी पर जानलेवा हमला कर करोड़ों की लूट को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह को बिलासपुर पुलिस ने महज 24 घंटे में दबोचकर बड़ी कामयाबी हासिल की है। फिल्मी अंदाज में अंजाम दी गई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने तकनीक, मुखबिर और इंटरस्टेट समन्वय का ऐसा जाल बिछाया कि आरोपी उत्तर प्रदेश में जाकर भी बच नहीं सके। पुलिस ने गिरोह के 5 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में सोना, नकदी और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद किए हैं।

टक्कर मारकर रोका, पिस्टल तानकर किया हमला
17 फरवरी की रात करीब 9:15 बजे महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी दुकान बंद कर सोने के जेवर और नकदी लेकर अपनी कार से घर लौट रहे थे। तभी राजकिशोर नगर के अंधे मोड़ पर पहले से घात लगाए बदमाशों ने अपनी ईको कार से उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।कार से उतरते ही बदमाशों ने पिस्टल तान दी और गाली-गलौज करते हुए पिस्टल के बट और हथौड़े से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल संतोष तिवारी किसी तरह जान बचाकर घर की ओर भागे, जबकि बदमाश उनकी कार समेत चार बैग में रखा लगभग 2 किलो सोना, तैयार जेवर, कच्चा सोना, फाइन गोल्ड और करीब 3.50 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए।


पुलिस ने बिछाया ऐसा जाल, भागने का नहीं मिला मौका
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जिलेभर में नाकाबंदी कर दी गई और अलग-अलग टीमों को सक्रिय किया गया। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक जांच के जरिए आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की गई।
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से संदिग्ध वाहन, जिंदा कारतूस और हथियार मिले, वहीं लूटी गई कार भी लावारिस हालत में बरामद हुई। इससे मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों के पीछे-पीछे उत्तर प्रदेश तक पहुंच गई।

(उत्तर प्रदेश द्वारा जारी पुलिस विज्ञप्ति)
उत्तर प्रदेश में घेराबंदी, एक-एक कर दबोचे गए बदमाश
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में स्थानीय पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया गया। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड विजय लांबा सहित मोनू उर्फ राहुल, विनोद उर्फ बीनू, करीम खान और ईरफान अली को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार विजय लांबा एक कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में 70 से अधिक गंभीर अपराध दर्ज हैं। गिरोह लंबे समय से ज्वेलरी कारोबारियों को निशाना बना रहा था।
24 घंटे में पुलिस की सबसे बड़ी कामयाबी
इस दुस्साहसिक लूटकांड को पुलिस ने चुनौती के रूप में लिया और महज 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट का अधिकांश माल बरामद कर लिया। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से जहां आम जनता में भरोसा बढ़ा है, वहीं अपराधियों में खौफ का माहौल बन गया है।
फिलहाल सभी आरोपियों को बिलासपुर लाकर पूछताछ की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य राज भी जल्द सामने आने की संभावना है।
