15 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/बेमेतरा ब्यूरो
बेमेतरा:–पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू(DIG), ने बेमेतरा जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों तथा थाना एवं चौकी प्रभारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक लेकर कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आम जनता में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने के लिए शाम के समय प्रमुख चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की उपस्थिति स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए।

बैठक के दौरान DIG श्री साहू ने अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध शराब, जुआ, सट्टा, गांजा, नशीली दवाओं तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि जिले में कानून का भय और शांति का वातावरण बना रहे।

उन्होंने लंबित चालानों, अपराध प्रकरणों, मर्ग, गुमशुदगी तथा लंबित शिकायतों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निपटारा किया जाए। साथ ही महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने तथा पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

DIG श्री साहू ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि गंभीर एवं समयबद्ध मामलों की जांच पूर्ण कर 60 से 90 दिनों के भीतर अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जाए, जिससे पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके। इसके अलावा उन्होंने नए लागू तीन आपराधिक कानूनों—भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम—के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल देते हुए अधिकारियों को इन कानूनों के प्रावधानों का गंभीरता से पालन करने को कहा।
बैठक में छत्तीसगढ़ पुलिस के अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सक्रिय पुलिसिंग, त्वरित कार्रवाई एवं जनसंपर्क के माध्यम से जिले में शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण मजबूत करने पर जोर दिया
