“पत्रकारिता समाज की रीढ़, सबसे कठिन और जिम्मेदार पेशा”
11 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
प्रेस क्लब बिलासपुर के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता के.के. शर्मा से सौजन्य मुलाकात कर पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और उसकी चुनौतियों पर सार्थक चर्चा की। शर्मा भाजपा कार्यालय में केंद्रीय बजट विषय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद प्रेस क्लब की कार्यकारिणी ने उनसे भेंट की।
मुलाकात के दौरान के.के. शर्मा ने अपने पत्रकारिता जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि राजनीति में सक्रिय होने से पूर्व वे लंबे समय तक पत्रकारिता से जुड़े रहे हैं। उन्होंने ‘मुख पत्र सामना’ और ‘दैनिक जागरण’ जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में पत्रकार से लेकर सह-संपादक तक की जिम्मेदारियां निभाईं।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति जवाबदेही का दायित्व है। “यह सबसे चुनौतीपूर्ण कार्य है, क्योंकि इसमें सत्य, संतुलन और साहस—तीनों का समन्वय आवश्यक है,” उन्होंने कहा।
शर्मा ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, वेब पोर्टल और सोशल मीडिया की बदलती भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की। विशेष रूप से उन्होंने प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता को रेखांकित करते हुए कहा कि गहराई और तथ्यात्मक मजबूती आज भी प्रिंट मीडिया की सबसे बड़ी ताकत है।

इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, कोषाध्यक्ष किशोर कुमार सिंह, सह सचिव हरिकिशन गंगवानी, कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव, पूर्व अध्यक्ष तिलक राज सलूजा और वरिष्ठ पत्रकार निर्मल माणिक सहित अनेक पत्रकार मौजूद रहे।
सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न यह मुलाकात पत्रकारिता की गरिमा और सामाजिक दायित्वों पर एक सकारात्मक संवाद के रूप में यादगार रही।
