06 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
विद्यार्थियों में आत्मविश्वास जागृत करने, परीक्षा के तनाव को दूर करने तथा सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने के उद्देश्य से परीक्षा पे चर्चा–2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन जल संसाधन विभाग के प्रार्थना सभाकक्ष में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। साथ ही जिलेभर के शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों ने परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम को तन्मयता और रुचि के साथ सुना।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री विजय टांडे, जिला मिशन समन्वयक श्री ओम पांडेय, समग्र शिक्षा के समस्त सहायक परियोजना समन्वयक (एपीसी), विकासखंड बिल्हा के विकासखंड शिक्षा अधिकारी, शहरी स्रोत समन्वयक सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान परीक्षा पे चर्चा का सजीव प्रसारण देखा गया, जिसमें माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देशभर के विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा को जीवन का उत्सव मानने की प्रेरणा देते हुए परीक्षा की तैयारी, तनाव प्रबंधन, बोर्ड एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में संतुलन, सीमित संसाधनों में सफलता प्राप्त करने के उपाय, खेल और शिक्षा के बीच सामंजस्य तथा वर्तमान समय में तकनीक एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के सकारात्मक उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सरल, व्यावहारिक एवं प्रेरणादायक मार्गदर्शन प्रदान किया।
प्रधानमंत्री के संवाद ने विद्यार्थियों के मन से भय और दबाव को दूर करते हुए उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति स्पष्टता का संचार किया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को अत्यंत प्रेरक बताते हुए इसे अपने जीवन के लिए मार्गदर्शक बताया।
कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता केवल अंकों से नहीं, बल्कि निरंतर प्रयास, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास से प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से तनावमुक्त होकर पूरे मनोयोग से अध्ययन करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।
