ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने कौशल विकास पर दिया जोर…
30 जनवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर…..
बिलासपुर
बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने आज ग्राम नेवसा में आयोजित बांस शिल्प प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कौशल विकास अत्यंत आवश्यक है और ग्रामीण युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभावी माध्यम साबित होते हैं।

विधायक श्री शुक्ला ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 20 युवाओं से प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ लेकर अपने भविष्य को सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पारंपरिक शिल्प को आधुनिक तकनीक से जोड़कर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं।

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि यह प्रशिक्षण दो माह की अवधि का है, जिसे डिज़ाइन एवं तकनीकी विकास कार्यक्रम (DDW) के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। विभाग की ओर से प्रशिक्षणार्थियों को औजार, उपकरण एवं कच्चा माल उपलब्ध कराया गया है। प्रशिक्षक एवं डिज़ाइनर द्वारा उपयोगी वस्तुएं, सजावटी सामग्री, फर्नीचर एवं विभिन्न कलाकृतियों के निर्माण का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण के लिए आवश्यक उपकरण, मशीनरी एवं अध्ययन सामग्री भी पूर्ण रूप से उपलब्ध कराई गई है।
इस अवसर पर हस्तशिल्प विकास बोर्ड की प्रभारी सुश्री असरीता मिंज, डिज़ाइनर सुश्री माधवी कश्यप, प्रशिक्षक श्री फूलसाय सिंह, सरपंच श्री सुरेश कश्यप सहित जनपद प्रतिनिधि, संस्था के पदाधिकारी, प्रशिक्षण प्रदाता संस्था के प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन प्रशिक्षण संस्था द्वारा किया गया।
