13 जनवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर…..
बिलासपुर/बालोद
भारत स्काउट गाइड द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से बालोद जिले के ग्राम दुधली में आयोजित देश का प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बन गया। 9 से 13 जनवरी तक चले इस भव्य आयोजन में देशभर से आए लगभग 15 हजार रोवर-रेंजरों ने सहभागिता कर भारत की एकता, विविधता और सांस्कृतिक समरसता का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया।

जंबूरी के विदाई समारोह में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह जंबूरी केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवा नेतृत्व निर्माण, सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की दिशा में मील का पत्थर है। यह आयोजन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ और विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरणा लेकर आत्मसंयम, साहस और सेवा भाव के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मानसिक रूप से सशक्त और ऊर्जावान युवा ही समाज और राष्ट्र को नई दिशा दे सकता है।

समारोह में स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, भारत स्काउट गाइड के राष्ट्रीय मुख्य आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल, राष्ट्रीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्काउट-गाइड सदस्य उपस्थित रहे।
जंबूरी में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध किया। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का अवार्ड राजस्थान, चीफ कमिश्नर (स्काउट) अवार्ड हरियाणा एवं उड़ीसा तथा चीफ कमिश्नर (गाइड) अवार्ड उत्तर प्रदेश को प्रदान किया गया।
यह प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी युवाओं के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने वाला एक ऐतिहासिक अध्याय बनकर उभरा।
