13 जनवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर…..
बिलासपुर
जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री एवं सांसद श्री तोखन साहू की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिले में संचालित केंद्रीय एवं राज्य शासन की प्रमुख योजनाओं की प्रगति की संक्षिप्त लेकिन गहन समीक्षा की गई।

केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक हर हाल में पहुँचना चाहिए और उनका प्रभाव धरातल पर दिखाई देना चाहिए। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पीएम जनमन, जल जीवन मिशन, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान सहित अन्य विकास योजनाओं की स्थिति पर चर्चा की गई। आवास निर्माण, मजदूरी भुगतान, सड़कों की गुणवत्ता, जल संरक्षण एवं पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने आवास योजना में अनियमितताओं पर त्वरित कार्रवाई और लेन-देन पर सख्ती के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने जल संरक्षण एवं वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में स्मार्ट सिटी परियोजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई गई तथा सभी विभागों को तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में जनहित से जुड़ी योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
