06 दिसम्बर 2025
सीजी क्राइम रिपोर्टर…….
बिलासपुर/चकरभाटा।
श्री सिंधु अमर धाम आश्रम स्थित श्री झूलेलाल मंदिर, चकरभाटा में 22 नवंबर से प्रारंभ हुए चालीहा महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला चल रही है। इसी क्रम में बुधवार को मंदिर परिसर में भव्य महाआरती का आयोजन विधि-विधान से संपन्न हुआ।

सायं 7:30 बजे भगवान श्री झूलेलाल एवं बाबा गुरमुख दास जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पण के पश्चात पूज्य बहाराणा साहब की अखंड ज्योत को संत सांई लाल दास जी के द्वारा विधिवत प्रज्वलित किया गया। सांई जी के सानिध्य में बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने महाआरती में भाग लिया। आरती के पश्चात सामूहिक प्रार्थना, पल्लव पाठ एवं प्रसाद वितरण किया गया।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं की विशेष उपस्थिति रही। महाआरती में बिलासपुर नगर के पत्रकार भी शामिल हुए, जिनमें प्रमुख रूप से राम ठाकुर, महफूज आलम एवं कुमार पोपटानी उपस्थित रहे। संत सांई लाल दास जी द्वारा सभी पत्रकारों का सम्मान कर आशीर्वाद प्रदान किया गया।


कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सोशल मीडिया माध्यम से किया गया, जिसे हजारों दर्शकों ने घर बैठे देखा। आयोजन को सफल बनाने में बाबा गुरमुख दास सेवा समिति एवं श्री झूलेलाल महिला सखी सेवा ग्रुप के सभी सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
चालीहा महोत्सव के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विविध धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन एवं सेवा कार्य आयोजित किए जाएंगे।
—
