थाना सरकंडा क्षेत्र के लिंगियाडीह अपोलो चौक के पास आपसी विवाद में चाचा द्वारा भतीजे पर चाकू से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल भतीजे को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, लिंगियाडीह क्षेत्र में निषाद परिवार के चाचा धनीराम निषाद उर्फ कुदन और भतीजा अमित निषाद साथ में रहते थे। देर रात लगभग 11:30 से 12:00 बजे के बीच, अमित निषाद अपनी एक महिला मित्र को घर लेकर आया था। इस बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस और विवाद शुरू हो गया।

विवाद बढ़ने पर आरोपी चाचा धनीराम, जो उस समय शराब के नशे में था, ने सब्जी/प्याज काटने वाले चाकू से भतीजे अमित के सीने पर वार कर दिया। हमले में अमित गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और घायल को एंबुलेंस के माध्यम से सिम्स (CIMS) अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा किया और हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपी धनीराम निषाद को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पहले का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है; मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
