
रायगढ़:रायगढ़ महिला थाना पुलिस ने युवती से दुष्कर्म के मामले में तेजी दिखाते हुए आरोपी को घटना दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को महिलाओं की सुरक्षा के प्रति गंभीरता से जोड़कर देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार थाना चक्रधरनगर क्षेत्र निवासी एक महिला ने महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी 19 वर्षीय पुत्री के साथ कुश सिदार उर्फ छोटे नामक युवक ने दुष्कर्म किया। पीड़िता की मां ने बताया कि वह 25 मई को काम से ओडिशा गई हुई थी और 27 मई को लौटने पर घटना की जानकारी मिली। पूछताछ में युवती ने बताया कि 26 मई की सुबह पिता के घर से बाहर जाने के दौरान आरोपी घर पहुंचा और उसके साथ गलत काम किया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला थाना पुलिस ने आरोपी कुश सिदार उर्फ छोटे पिता चैन सिंह (19 वर्ष) के खिलाफ अपराध क्रमांक 50/2026 के तहत धारा 64(2)(k) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
डीएसपी उन्नति ठाकुर के पर्यवेक्षण में हुई इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे और महिला थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
