
बिलासपुर। जिले में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए “खिलाड़ी बुक” नामक पैनल के जरिए विभिन्न खेलों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों समेत एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़कर लाखों रुपये की नगदी, मोबाइल, एटीएम कार्ड और वाहन जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 702/2026 के तहत धारा 7(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं धारा 112 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जुआ और सट्टा संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत की गई।

जानकारी के मुताबिक, 24 मई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मंगला स्थित एचडीएफसी बैंक के पास संतोष जसवानी, करन श्रीवास और उनके साथी मोबाइल फोन के जरिए “खिलाड़ी बुक” नामक ऑनलाइन पैनल से विभिन्न खेलों पर सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस ने मौके पर दबिश देकर आरोपियों को हिरासत में लिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 05 मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों के 27 एटीएम कार्ड, ₹13.48 लाख नगद, एक टाटा कार और एक स्कूटी जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब ₹22.63 लाख बताई गई है।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी संतोष जसवानी द्वारा सट्टे की रकम आशीष जसवानी के माध्यम से आगे पहुंचाई जा रही थी। इसके बाद पुलिस ने आशीष जसवानी को भी गिरफ्तार कर लिया।
नाम आरोपीगण :-
- संतोष जसवानी पिता स्व. हरिलाल जसवानी उम्र 34 वर्ष निवासी हेमुनगर तोरवा हाल मुकाम रोमन हाईट्स गंगानगर फेस-02 मंगला थाना सिविल लाईन बिलासपुर।
- करन श्रीवास पिता देवी प्रसाद श्रीवास उम्र 20 वर्ष निवासी पानी टंकी के पास नयापारा सिरगिट्टी बिलासपुर।
- आशीष जसवानी पिता अमेश उम्र 20 वर्ष निवासी बी.आर. हॉस्पिटल के पास बिलासपुर।
- विधि से संघर्षरत बालक।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, मामले में फरार बताए जा रहे रोहित पंजवानी, सागर चेतवानी और राज चेतानी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया है। बिलासपुर पुलिस का कहना है कि बड़े सटोरियों और नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
