
बिलासपुर। शहर के शनिचरी बाजार रोड में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर चाकू से हमला और मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू और फाइबर पाइप भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी राजेश साहू निवासी पचरीघाट, जूना बिलासपुर ने थाना सिटी कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 22 मई 2026 की रात करीब 10:45 बजे वह अपने परिचित ऑटो चालक नंदू साहू के साथ शनिचरी बाजार रोड में खड़े होकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान आरोपी विक्की गुलहरे उर्फ अमित वहां पहुंचा और नंदू साहू से शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा।
पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए अपने साथी फद्दू खान उर्फ अरबाज और दीपक यादव को मौके पर बुला लिया। इसके बाद तीनों ने मिलकर राजेश साहू और नंदू साहू के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के दौरान आरोपी फद्दू खान उर्फ अरबाज ने अपने पास रखे धारदार चाकू से नंदू साहू पर हमला कर दिया, जिससे उसकी कलाई में चोट आई। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर सिटी कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 329/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना करना स्वीकार किया, जिसके बाद उनके कब्जे से एक धारदार चाकू और फाइबर पाइप जब्त किया गया। मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
