
बिलासपुर। शहर के मुंगेली नाका स्थित शेफार स्कूल के पास छत्तीसगढ़ गन्ना रस भंडार के सामने रविवार को तेज रफ्तार स्कूटी ने साइकिल से जा रही एक महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर महिला को सिम्स रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूटी चालक काफी तेज गति से वाहन चला रहा था। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि चालक नशे की हालत में प्रतीत हो रहा था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

घटना के तुरंत बाद छत्तीसगढ़ गन्ना रस भंडार के संचालक राजू खान और अनीश कुरैशी सहित आसपास मौजूद जागरूक नागरिकों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल महिला की मदद की। स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस और अन्य सहायता की व्यवस्था कर महिला को अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना में स्कूटी चालक भी घायल हुआ है, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना में शामिल स्कूटी का नंबर CG 10 AY 4544 बताया जा रहा है।
हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों में आक्रोश देखा गया। लोगों ने स्कूल क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण, यातायात व्यवस्था सख्त करने और पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग उठाई है।
