22 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष…
रायगढ़:महिला थाना रायगढ़ ने छेड़खानी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी शादीशुदा महिला को लगातार अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल कर परेशान कर रहा था और घर में घुसकर छेड़खानी की घटना को अंजाम दिया था।

पुलिस के अनुसार पीड़िता ने 20 मई 2026 को महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि वर्ष 2020 में उसका विवाह हो चुका है। विवाह से पहले ग्राम महलोई निवासी लम्बोदर भोय से उसकी बातचीत होती थी, लेकिन शादी के बाद उसने आरोपी से संपर्क समाप्त कर उसका नंबर ब्लॉक कर दिया था। इसके बावजूद आरोपी अलग-अलग नंबरों से लगातार कॉल कर महिला को परेशान करता रहा।
शिकायत में महिला ने बताया कि 18 मई की शाम घर में कोई नहीं होने का फायदा उठाकर आरोपी उसके घर पहुंच गया और गलत नियत से छेड़खानी करने लगा। महिला के शोर मचाने पर परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया।
महिला थाना ने मामले में अपराध क्रमांक 49/2026 के तहत धारा 331(4) एवं 74 बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में गठित टीम ने दबिश देकर आरोपी लम्बोदर भोय (33 वर्ष) निवासी तिलाईपारा समकेरा थाना तमनार जिला रायगढ़ को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक संदीप भगत, राजेश उरांव एवं महिला थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
