30 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय बिलासपुर में सोमवार को संयुक्त संचालक अभियोजन (बिलासपुर संभाग) श्री माखनलाल पाण्डेय की सेवानिवृत्ति पर गरिमामयी एवं आत्मीय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस महानिरीक्षक श्री राम गोपाल गर्ग के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
समारोह में श्री पाण्डेय के उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवाकाल की सराहना करते हुए आईजी श्री गर्ग ने उन्हें श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उप संचालक श्रीमती कंचन पाटिल सहित कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
अनुकरणीय रहा सेवा सफर
श्री माखनलाल पाण्डेय ने फरवरी 1995 में जिला रायपुर से अपने सेवाकाल की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दुर्ग, महासमुंद, धमतरी और जांजगीर-चांपा जैसे जिलों में अपनी सेवाएं दीं। फरवरी 2023 से लेकर 30 मार्च 2026 तक वे बिलासपुर संभाग में संयुक्त संचालक अभियोजन के पद पर पदस्थ रहे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने पुलिस विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर विवेचना और अभियोजन कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आईजी श्री राम गोपाल गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि एक सफल अभियोजन अधिकारी केवल कानून का जानकार ही नहीं होता, बल्कि वह पीड़ितों को न्याय दिलाने की अहम कड़ी भी होता है। उन्होंने कहा कि श्री पाण्डेय ने अपने पूरे कार्यकाल में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे अपने अनुभव से विभाग का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
इस अवसर पर श्री पाण्डेय ने सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने पुलिस और न्यायालय के साथ अपने कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि विभाग की ओर से कभी भी आवश्यकता पड़ने पर वे आगे भी सहयोग के लिए सदैव उपलब्ध रहेंगे।
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक श्री विवेक शर्मा, निरीक्षक अशोक वैष्णव, धनेश्वरी दुबे, उपनिरीक्षक रामकुमार पटेल, शंकर कश्यप, संग्राम सिंह, संदीप ठाकुर, रेखा जायसवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने श्री पाण्डेय को भावभीनी विदाई दी। कार्यक्रम का संचालन मुख्य लिपिक श्री संजय रावत ने किया।
