30 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:बर्ड फ्लू संक्रमण के चलते 24 मार्च से लगाए गए प्रतिबंधों के कारण अंडा व्यापारियों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। इसी समस्या को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में अंडा व्यापारी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर राहत की मांग की।
व्यापारियों ने बताया कि प्रशासनिक प्रतिबंधों के चलते उनकी दुकानें पूरी तरह बंद हैं, जिससे उनका व्यवसाय ठप हो गया है। नवरात्रि से पहले खरीदा गया अंडों का भारी स्टॉक दुकानों में पड़ा हुआ है, जो अब खराब होने की कगार पर पहुंच गया है। इससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
व्यापारियों ने मांग की है कि उन्हें अपने पुराने स्टॉक को बेचने की अनुमति दी जाए। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि शहर में बाहरी क्षेत्रों से अंडा और चूजा आने की जानकारी मिल रही है, ऐसे में स्थानीय व्यापारियों को भी तिल्दा, मुलमुला, रायपुर, सिमगा, राजनांदगांव, भिलाई और दुर्ग जैसे क्षेत्रों से माल मंगाकर बिक्री करने की अनुमति दी जानी चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से यह भी मांग की कि व्यापार संचालन के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि वे सुरक्षित तरीके से अपना व्यवसाय चला सकें। व्यापारियों का कहना है कि यदि जल्द राहत नहीं मिली, तो उनका कारोबार पूरी तरह चौपट हो जाएगा।
इस दौरान अंडा व्यापारी एकजुट होकर प्रशासन से न्याय की मांग करते नजर आए।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से शामिल रहे—
संतोष छत्री, विनोद छत्री, मुकेश तीर्थनी, विनोद नेभानी, सतीश संतवानी, देवा नागपुरे, जय प्रकाश साहू, मोहम्मद जाफर, कमल यादव, सुरेंद्र देवगन, विक्की डगवानी, राकेश डगवानी, आशिफ खान, लालू साहू, अजय साहू एवं संजय साहू।
