22 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:सिंधी समाज के सबसे पावन और महत्वपूर्ण पर्व चेट्रि चंड्र महोत्सव के अवसर पर भगवान झूलेलाल जी का जन्मोत्सव इस वर्ष बिलासपुर में अत्यंत भव्य और शानदार तरीके से मनाया गया। पूरे शहर में आस्था, उत्साह और भाईचारे का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसकी हर वर्ग ने सराहना की।
इस अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा आकर्षण का केंद्र रही, जिसकी शहर के विभिन्न समाजों ने खुलकर प्रशंसा की। जगह-जगह शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। विशेष रूप से अग्रवाल समाज ने अपनी एकता का परिचय देते हुए पूरे जोश और उत्साह के साथ यात्रा का स्वागत किया।

शोभायात्रा हेमू नगर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों—गुरुनानक चौक, जगमाल चौक, गांधी चौक, जूना बिलासपुर, कंवरराम मार्केट, गोल बाजार, सदर बाजार, सिम्स चौक, देवकीनंदन चौक, पुराना सरकंडा पुल और नेहरू चौक से होते हुए सिंधी कॉलोनी में संपन्न हुई।
पूरे आयोजन में सिंधी समाज सहित सभी सामाजिक संस्थाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने मिलकर इस महोत्सव को सफल बनाया।
शोभायात्रा में प्रस्तुत की गई आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। इन झांकियों में सिंधी संस्कृति, परंपरा और आस्था की झलक साफ नजर आई, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही।

महोत्सव में युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। हजारों युवाओं की उपस्थिति ने यह साबित कर दिया कि नई पीढ़ी अपनी संस्कृति और परंपराओं से गहराई से जुड़ी हुई है।
आज के आधुनिक दौर में, जब युवा तेजी से बदलती जीवनशैली की ओर बढ़ रहे हैं, ऐसे आयोजन उन्हें अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं और उनमें सांस्कृतिक गौरव की भावना को मजबूत बनाते हैं।

सिंधी समाज ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि वह एकता, सेवा और भाईचारे की भावना को हमेशा सर्वोपरि रखता है।
सिंधी कॉलोनी में आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया और पूरे बिलासपुर को एक नई ऊर्जा और उत्साह से भर दिया।
यह भव्य शोभायात्रा और महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि शहर में सामाजिक समरसता, एकता और सांस्कृतिक गौरव की शानदार मिसाल भी पेश कर गया।
