20 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:सिंधी समाज के प्रमुख और हर्षोल्लास से मनाए जाने वाले पर्व चेट्रीचंद्र महोत्सव के अवसर पर शहर में आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। एक सप्ताह पूर्व से ही प्रारंभ हुए इस भव्य महोत्सव ने पूरे शहर को उत्सव के रंग में रंग दिया। पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत, सेंट्रल सिंधी युवा विंग, सेंट्रल सिंधी महिला विंग एवं भारतीय सिंधु सभा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला ने समाज की एकजुटता का शानदार परिचय दिया।
महोत्सव का शुभारंभ एक अनूठे आयोजन से हुआ, जिसमें लगभग 550 मातृशक्ति के लिए “The Kerala Story 2” फिल्म का विशेष प्रदर्शन कराया गया। इस कार्यक्रम में महिलाओं, बहनों और बेटियों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। पूरे आयोजन का वातावरण उत्साह और उल्लास से भरपूर रहा।

इसके पश्चात आयोजित “सिंध जो मेलो” कार्यक्रम ने महोत्सव की भव्यता को और बढ़ा दिया। पारंपरिक संस्कृति, सिंधी व्यंजन, संगीत और सामाजिक मेलजोल के इस आयोजन ने शहरवासियों को आकर्षित किया। बड़ी संख्या में लोगों ने इसमें भाग लेकर कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया।
महोत्सव के दौरान महिलाओं द्वारा निकाली गई भव्य स्कूटर रैली विशेष आकर्षण का केंद्र रही। करीब 600 से अधिक महिलाओं ने इस रैली में भाग लेकर नारी शक्ति, आत्मनिर्भरता और सामाजिक एकता का प्रभावशाली संदेश दिया। अनुशासित और उत्साहपूर्ण इस रैली ने शहरवासियों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
वहीं, चेट्रीचंद्र जन्मोत्सव के मुख्य अवसर पर 19 मार्च को हिंदू नव वर्ष की रैली निकाली गई जिसमें पूज्य सेंट्रल सिंधी पंचायत, सेंट्रल सिंधी युवा विंग व महिला विंग, भारतीय सिंधु सभा महिला एवं युवा विंग के द्वारा हिन्दू रैली का अग्रसेन चौक में भव्य रूप में स्वागत किया गया ।

20 मार्च को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में आज सुबह सिंधी कॉलोनी से युवाओं की भव्य कार एवं बाइक रैली निकाली गई, जिसमें 1000 से अधिक युवाओं ने भाग लिया। यह रैली सिंधी कॉलोनी में सुबह 8:45 बजे से शुरू हुई।यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए तोरवा में संपन्न हुई। पूरे मार्ग में युवाओं का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था।
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों ने युवाओं को एकजुट रहने, सामाजिक समरसता बनाए रखने और समाज के विकास में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने और समाज में भाईचारे को मजबूत करने का माध्यम बनते हैं।
चेट्रीचंद्र महोत्सव के इन भव्य आयोजनों ने यह सिद्ध कर दिया कि सिंधी समाज अपनी समृद्ध परंपराओं, संस्कृति और एकता को बनाए रखने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। पूरा शहर इस दौरान श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक गौरव के रंग में रंगा नजर आया।
