16 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:लिंगियाडीह क्षेत्र के प्रभावित परिवारों के समर्थन में जारी महाधरना के बीच अमित जोगी ने नेताओं और जनप्रतिनिधियों को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें तय करना होगा कि वे उन लोगों के लिए नेतृत्व करेंगे जिन्होंने वोट देकर उन्हें चुना है या फिर भू-माफियाओं और उद्योगपतियों के लिए काम करेंगे।
धरना स्थल पर पहुंचे अमित जोगी ने कहा कि जनता ने नेताओं को जिस विश्वास के साथ पद पर बैठाया है, उस विश्वास को तोड़ना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि नेताओं को यह सोचने की जरूरत है कि उन्हें लोगों की आह चाहिए या उद्योगपतियों का पैसा।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने वोट देकर जनप्रतिनिधियों को नेतृत्व का अवसर दिया है, उनकी अनदेखी करना और उनके अधिकारों को छीनना लोकतंत्र के खिलाफ है। जनता के भरोसे पर खरा उतरना ही सच्ची राजनीति है।
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने संत का का कबीर के दोहे भी सुनाए और कहा कि गरीब की आह और बद्दुआ बहुत भारी होती है। अगर किसी गरीब और बेबस व्यक्ति की बद्दुआ लग जाए तो दुनिया की कोई ताकत उसे तबाह होने से नहीं बचा सकती।

अमित जोगी ने कहा कि पिछले करीब 15 दिनों से लिंगियाडीह के परिवार अपने अधिकारों और जमीन के मुद्दे को लेकर महाधरना पर बैठे हुए हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान अब तक नहीं हो पाया है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की कि प्रभावित परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और जल्द से जल्द न्याय दिलाया जाए।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है और जनता के साथ अन्याय किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। नेताओं को चाहिए कि वे जनता के हित में फैसले लें और गरीब व कमजोर वर्गों की आवाज को दबाने की बजाय उनका साथ दें।
धरना स्थल पर मौजूद लोगों ने भी अपनी समस्याएं रखते हुए प्रशासन से जमीन और अधिकारों के मामले में न्याय की मांग की। अमित जोगी ने आश्वासन दिया कि वे इस मुद्दे को मजबूती से उठाएंगे और प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहेंगे।
✍️✍️ सीजी क्राइम रिपोर्टर
