15 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। शहर के मगरपारा क्षेत्र में सिल्वर ओक होटल के पास स्थित बालाजी गैस कंपनी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी में गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद लोगों को समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। इस वजह से आम उपभोक्ताओं को रोजाना घंटों लाइन में खड़े होकर भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
सूत्रों के अनुसार एजेंसी के बाहर हर रोज सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग जाती हैं। कई लोग सुबह से लेकर देर शाम तक लाइन में खड़े रहने के बाद भी खाली हाथ घर लौटने को मजबूर हो रहे हैं। खासतौर पर महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार स्थिति ऐसी हो जाती है कि लोग थक-हारकर और परेशान होकर वापस लौट जाते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एजेंसी के कर्मचारियों का व्यवहार भी उपभोक्ताओं के प्रति संतोषजनक नहीं है। सूत्रों का दावा है कि कई बार उपभोक्ताओं ने कर्मचारियों से अपनी समस्या बताने की कोशिश की, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उल्टा कर्मचारियों द्वारा रूखे व्यवहार और ठीक से बात न करने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
गैस पाइप को लेकर भी बना विवाद
उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले तीन वर्षों में उन्होंने दो बार गैस पाइप बदली है, इसके बावजूद एजेंसी के कर्मचारी फिर से पाइप बदलने की बात कह रहे हैं और तब तक गैस सिलेंडर देने से मना कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार कई उपभोक्ताओं ने गैस पाइप एजेंसी से ही खरीदी थी, लेकिन उस समय उन्हें कोई रसीद नहीं दी गई। अब जब उपभोक्ता गैस लेने पहुंचते हैं तो कर्मचारियों द्वारा कहा जा रहा है कि पाइप पांच साल से ज्यादा पुरानी है, जबकि उपभोक्ताओं का दावा है कि पाइप पूरी तरह नई है।
इसके अलावा कई उपभोक्ताओं को अलग-अलग कारण बताकर भी वापस भेजा जा रहा है। किसी को बताया जाता है कि सर्वर काम नहीं कर रहा है, तो किसी को केवाईसी पूरा न होने की बात कह दी जाती है। जबकि कई लोगों के मोबाइल पर गैस बुकिंग का मैसेज भी आ चुका है, इसके बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं दिया जा रहा।
लगातार हो रही इस अव्यवस्था और कथित मनमानी से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि एजेंसी में गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है तो उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान करना गलत है।
प्रशासन से जांच की मांग
स्थानीय उपभोक्ताओं ने इस पूरे मामले की जांच कराने और एजेंसी की कार्यप्रणाली में सुधार लाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से शिकायत कर कार्रवाई की मांग करेंगे, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर मिल सके और उन्हें रोजाना घंटों लाइन में लगकर परेशान न होना पड़े।
