02 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
अनुशासन, सम्मान और गौरव के प्रतीक Central Industrial Security Force (CISF) की इकाई South Eastern Coalfields Limited (SECL) बिलासपुर में आज भव्य एवं गरिमामय ‘पिपिंग शिरोमणि समारोह’ का आयोजन किया गया। इस समारोह में कुल 166 जवानों को पदोन्नति देते हुए वरिष्ठ आरक्षक के पद पर अलंकृत किया गया, जिससे पूरे परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।
समारोह के दौरान इकाई प्रमुख श्री निर्विकार एवं उप प्रमुख डॉ. नागेंद्र झा ने नवपदोन्नत जवानों के कंधों पर नई रैंक लगाकर उन्हें सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जैसे ही जवानों को नई जिम्मेदारी का प्रतीक चिन्ह मिला, परिसर तालियों की गूंज और गर्व के भाव से भर उठा। यह अवसर न केवल जवानों के लिए, बल्कि उनके परिवारों और पूरे CISF संगठन के लिए भी गौरवपूर्ण क्षण रहा।

अधिकारियों ने बताया कि CISF महानिदेशक की दूरदर्शी पहल के तहत पूरे देश में लगभग 32,000 जवानों को वरिष्ठ आरक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया है, जिसे बल के इतिहास का एक ऐतिहासिक निर्णय माना जा रहा है। इस व्यापक पदोन्नति से जवानों के मनोबल, कार्यक्षमता और सेवा भावना को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

गौरतलब है कि CISF आगामी 10 मार्च को अपना 57वां स्थापना दिवस मनाने जा रहा है। स्थापना दिवस से पूर्व इस तरह की पदोन्नति को संगठन की बड़ी उपलब्धि और कर्मियों के प्रति सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।
CISF अधिकारियों ने कहा कि यह पदोन्नति केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे संगठन की समर्पण भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट सेवा का प्रतीक है। CISF परिवार ने सभी नवपदोन्नत वरिष्ठ आरक्षकों को नई जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन हेतु हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
