28 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/चकरभाठा
सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान झूलेलाल साईं के पावन अवतरण पर्व चेटीचंड के उपलक्ष्य में श्री झूलेलाल अमरधाम आश्रम चकरभाठा में संत साईं लालदास जी के दिव्य सानिध्य में झूलेलाल फेस्टिवल ऑफर सीजन का भव्य शुभारंभ एवं पोस्टर विमोचन समारोह श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। यह आयोजन विश्व सिंधू सेवा संगम, पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत एवं सिंधी सेंट्रल सिंधी युवा विंग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

संत साईं लालदास जी ने दिया सिंधियत और सेवा का संदेश
संत साईं लालदास जी ने अपने आशीर्वचन में कहा कि झूलेलाल फेस्टिवल ऑफर का आयोजन प्रतिवर्ष होली और चेटीचंड के पूर्व किया जाता है, जिससे सिंधी समाज की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को सशक्त बनाया जा सके। उन्होंने व्यापारियों से आग्रह किया कि जैसे दीपावली, होली और रक्षाबंधन पर विशेष ऑफर दिए जाते हैं, उसी प्रकार भगवान झूलेलाल साईं के अवतरण दिवस पर भी ग्राहकों को विशेष सम्मान और सुविधा प्रदान की जाए। उन्होंने सिंधियत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सिंधी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को अपनाकर ही समाज अपनी पहचान को मजबूत रख सकता है। साथ ही उन्होंने सिंधी समाज के सभी लोगों से बहराणा साहब में शामिल होकर हमारे आराध्य देव श्री झूलेलाल जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करने और समाज की एकता को बनाए रखने का संदेश दिया।

संत साईं लालदास जी के करकमलों से हुआ शुभारंभ
पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष विनोद मेघानी जी ने बताया कि संत साईं लालदास जी के आशीर्वाद से झूलेलाल फेस्टिवल ऑफर का विधिवत अनावरण किया गया। यह विशेष अभियान 1 मार्च से 18 मार्च तक चलेगा, जिसके अंतर्गत सिंधी समाज के व्यापारियों से आग्रह किया गया है कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर आने वाले प्रत्येक ग्राहक को विशेष छूट, आकर्षक ऑफर या उपहार प्रदान करें। इस पहल का उद्देश्य भगवान झूलेलाल जी की कृपा को जन-जन तक पहुंचाना, समाज में सेवा, सद्भाव और उन्नति की भावना को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि चेटीचंड के पावन अवसर पर 20 मार्च को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें समाज के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर बहराणा साहब का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया गया है।

विश्व स्तर पर सिंधियत के संरक्षण का संकल्प
इस अवसर पर सतराम जेठमलानी जी ने कहा कि विश्व सिंधू सेवा संगम विश्व के 78 देशों में सक्रिय रहकर सिंधियत की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति और सेवा भाव को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा सिंधी समाज की सांस्कृतिक पहचान को लेकर व्यक्त विचारों से समाज में नया उत्साह उत्पन्न हुआ है। संगठन के युवा अध्यक्ष अमर रोहरा जी के नेतृत्व में नियमित रूप से सेवा और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे समाज में एकता और सांस्कृतिक चेतना का विस्तार हो रहा है।

सिंधी समाज की एकता एवं संस्कृति पहचान को सुदृढ करना
विश्व सिंधु सेवा संगम के अध्यक्ष अमर रोहरा जी ने बताया कि झूलेलाल जयंती के पावन अवसर पर प्रतिवर्ष 15 दिवसीय शॉपिंग फेस्टिवल का आयोजन किया जाता है। संस्था की टीम पिछले चार वर्षों से लगातार लगभग 1200 दुकानों तक पहुंचकर फेस्टिवल ऑफर के पोस्टर लगाती है और व्यापारियों से ग्राहकों को विशेष छूट या उपहार देने का निवेदन करती है। इस अभियान का उद्देश्य भगवान झूलेलाल साईं के नाम का प्रचार-प्रसार करना और सिंधी समाज की एकता एवं संस्कृति पहचान को सुदृढ़ करना है।
संत साईंजी के दरबार में पोस्टर विमोचन, समाज से सहभागिता की अपील
सेंट्रल सिंधी युवा विंग के अध्यक्ष रॉबिन वाधवानी जी ने बताया कि संत साईं लालदास जी के करकमलों से पोस्टर विमोचन कर श्री झूलेलाल फेस्टिवल ऑफर का शुभारंभ किया गया। उन्होंने सिंधी समाज के सभी व्यापारियों से अपील की कि वे चेटीचंड के अवसर पर ग्राहकों को विशेष छूट या उपहार प्रदान कर भगवान झूलेलाल साईं के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य व्यापार के साथ-साथ समाज में एकता, आस्था और सहयोग की भावना को मजबूत करना है।

हर वर्ग के लिए समान रूप से उपलब्ध है फेस्टिवल ऑफर
इसी क्रम में विश्व सिंधू सेवा संगम युवा विंग जिला अध्यक्ष बिलासपुर के लखन नागदेव जी ने बताया कि संस्था द्वारा लगभग 1000 से 1200 दुकानदारों को पोस्टर वितरित किए जाते हैं। जिन दुकानदारों के लिए छूट देना संभव नहीं होता, उनसे भगवान झूलेलाल के नाम पर उपहार या प्रतीकात्मक भेंट देने का आग्रह किया जाता है। उन्होंने बताया कि यह ऑफर किसी एक समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि सभी वर्गों के नागरिकों के लिए समान रूप से उपलब्ध है। संस्था द्वारा कड़ी-चावल दिवस सहित अनेक सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन कर सिंधियत की परंपरा को जीवंत रखा जा रहा है।
इस कार्यक्रम में पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष विनोद मेघानी जी,महिला विंग अध्यक्ष श्रीमती कंचन मलघानी जी, सेंट्रल सिंधी युवा विंग के अध्यक्ष रॉबिन वाधवानी जी,विश्व सिंधी सेवा संगम अध्यक्ष अमर रोहरा जी,विश्व सिंधी सेवा संगम युवा विंग अध्यक्ष लखन नागदेव जी,पूर्व अध्यक्ष श्री धनराज आहूजा जी,पूर्व अध्यक्ष महेश पमनानी जी,विश्व सिंधी सेवा संगम युवा विंग महासचिव भावेश पंजवानी जी, चकरभाठा पंचायत अध्यक्ष सुरेश फोटानी जी,पूर्व अध्यक्ष प्रकाश जैसवानी जी,किशन वाधवानी जी,सतराम जेठमलानी जी, सोनू पाहुजा जी, श्रीमती सोना रोहरा जी श्रीमती पूनम बजाज जी श्रीमती विनीता चिमनानी जी सहित पूर्व पदाधिकारी, समाज के वरिष्ठजन, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में समाजजनों ने सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाया।
कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं ने “जय झूलेलाल” के जयघोष के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस आयोजन ने सिंधी समाज में श्रद्धा, सेवा और सांस्कृतिक एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।
