बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे चेतना अभियान के तहत चौकी बेलगहना क्षेत्र के ग्राम कुरूवार में नशामुक्ति, साइबर जागरूकता और सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी के साथ महिला कमांडो टीम का गठन किया गया, जिससे गांव में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण माधुलिका सिंह, प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन और एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय की विशेष उपस्थिति रही। अधिकारियों ने ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभाव, सड़क दुर्घटनाओं से बचाव और साइबर ठगी से सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी। साथ ही स्कूली छात्र-छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बारे में भी जागरूक किया गया।

इस अवसर पर ग्राम पहाड़बछाली की महिला कमांडो टीम को सम्मानित किया गया, जिन्होंने गांव में अवैध शराब पर पूर्ण रोक लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अधिकारियों ने इसे सामाजिक जागरूकता का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए अन्य गांवों को भी इससे प्रेरणा लेने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई और उनकी मांग पर जल्द ही ग्रामीण क्षेत्रों में ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित करने का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, महिला-पुरुष, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनी रहे।
