24 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
शहर के महत्वपूर्ण और व्यस्त मार्ग नेहरू चौक से दर्रीघाट तक सड़क उन्नयन और डामरीकरण का कार्य आज से शुरू हो गया है। करीब 10 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के उन्नयन पर लगभग 30 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्य की शुरुआत तोरवा स्थित पावरहाउस चौक से की गई है।
यह मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत और गड्ढों के कारण नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था। सड़क उन्नयन परियोजना के तहत डामरीकरण, चौड़ीकरण और कमजोर हिस्सों को मजबूत करने का कार्य किया जाएगा, जिससे आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित हो सकेगा।
परियोजना के अंतर्गत लाल खदान और हटरी चौक क्षेत्र में नाली निर्माण का कार्य भी किया जा रहा है, जबकि लाल खदान के आगे सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा, ताकि बढ़ते यातायात दबाव को कम किया जा सके। इसके साथ ही मार्ग पर बने डिवाइडर और रेलिंग को सुरक्षा की दृष्टि से ऊंचा किया जाएगा।
निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्माण अवधि में सहयोग करें और यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
सड़क उन्नयन कार्य पूर्ण होने के बाद इस प्रमुख मार्ग पर यातायात पहले से अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित हो जाएगा, जिससे शहर के यातायात प्रबंधन और विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
