23 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना कोनी पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करते हुए गांव-गांव चलित थाना जन चौपाल का आयोजन कर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया। इस दौरान बीट सिस्टम के तहत पुलिस टीम ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर शिकायतें सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में दिनांक 22 फरवरी 2026 को थाना कोनी क्षेत्र के ग्राम रमतला, निरतू, घुटकु एवं सेमरताल में चलित थाना जन चौपाल लगाया गया।

जन चौपाल के दौरान बीट प्रभारी एवं पुलिस कर्मचारियों ने चेतना अभियान के तहत ग्रामीणों को साइबर फ्रॉड, यातायात नियमों, नशे के दुष्प्रभाव और अपराध से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया। साथ ही प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक शिकायत में धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई, जबकि तीन मामलों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। जमीन से जुड़े एक मामले में संबंधित पक्ष को न्यायालय में आवेदन करने की सलाह दी गई।

इस पहल से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे पुलिस के समक्ष रखने का अवसर मिला। ग्राम प्रमुख एवं ग्रामीणों ने पुलिस की निष्पक्ष कार्यप्रणाली, त्वरित कार्रवाई और जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
