15वें वित्त आयोग की राशि में गड़बड़ी की पुष्टि, जांच रिपोर्ट के बाद तोरवा थाना में मामला दर्ज, पंचायत में मचा हड़कंप
20 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर जिले की ग्राम पंचायत ढेका में 15वें वित्त आयोग एवं अन्य मदों की राशि में 24 लाख 70 हजार 530 रुपये के दुरुपयोग का गंभीर मामला सामने आया है। शिकायतों के आधार पर जिला पंचायत बिलासपुर द्वारा गठित तीन सदस्यीय जांच दल की रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया बड़े वित्तीय घोटाले की पुष्टि होने के बाद पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
जांच रिपोर्ट के अनुसार ग्राम पंचायत ढेका के पूर्व सरपंच दिनेश मौर्य, तत्कालीन सचिव सचिन कौशिक, तत्कालीन सचिव भानू विश्वकर्मा तथा ग्राम पंचायत के कोटवार कमल कश्यप को शासकीय राशि के दुरुपयोग के लिए जिम्मेदार पाया गया है। जांच के दौरान संबंधित व्यक्तियों के बयानों में गंभीर विरोधाभास सामने आए, जिससे वित्तीय अनियमितता की पुष्टि हुई।
जिला पंचायत के निर्देश पर जनपद पंचायत बिल्हा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा 19 फरवरी 2026 को तोरवा थाना में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5), 344, 316 एवं 318 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
प्रकरण दर्ज होने के बाद पंचायत क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति है। अब पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह मामला पंचायत स्तर पर शासकीय राशि के उपयोग और पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
