नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य शपथ ग्रहण, पत्रकारों के प्रशिक्षण और सुविधाओं के विस्तार का मिला आश्वासन
20 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
प्रेस क्लब बिलासपुर के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नई टीम को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता धरमलाल कौशिक ने की। समारोह में जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों और गणमान्य नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
हाल ही में संपन्न चुनाव में अजीत मिश्रा को प्रेस क्लब बिलासपुर का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। उनके साथ उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, सचिव संदीप परिहार, कोषाध्यक्ष किशोर कुमार सिंह, सह सचिव हरिशंकर गंगवानी तथा कार्यकारी सदस्य के रूप में कैलाश यादव ने भी पदभार ग्रहण किया।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नई टीम को बधाई देते हुए कहा कि एकजुटता और समर्पण के साथ यह टीम बिलासपुर की पत्रकारिता को नई पहचान दिलाएगी। उन्होंने कहा कि बिलासपुर प्रेस क्लब ने राष्ट्रीय स्तर के कई वरिष्ठ पत्रकार दिए हैं और नई टीम इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने पत्रकारिता को चुनौतीपूर्ण क्षेत्र बताते हुए नए पत्रकारों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया। साथ ही बिरकोना स्थित पत्रकार कॉलोनी में सड़क निर्माण के लिए 8 करोड़ रुपये की स्वीकृति और प्रेस क्लब भवन के कायाकल्प कार्य की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो समाज और शासन के बीच मजबूत सेतु का कार्य करता है। विधायक अटल श्रीवास्तव और विधायक सुशांत शुक्ला ने भी प्रेस क्लब की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि बिलासपुर के विकास और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
समारोह में महापौर पूजा विधानी, नगर निगम सभापति विनोद सोनी और नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। नव निर्वाचित अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने स्वागत भाषण दिया, जबकि उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी ने आभार व्यक्त किया।
यह समारोह न केवल नई टीम के शपथ ग्रहण का अवसर रहा, बल्कि पत्रकारिता के सशक्त भविष्य और प्रेस क्लब की नई दिशा का भी प्रतीक बनकर उभरा।
