उपमुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे शुभारंभ
12 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और स्वराज की गाथा पर आधारित विश्वप्रसिद्ध ऐतिहासिक महानाट्य ‘जाणता राजा’ का भव्य मंचन 13 से 15 फरवरी तक पुलिस मैदान, बिलासपुर में किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव करेंगे। इस अवसर पर विधायक श्री अमर अग्रवाल, श्री धरमलाल कौशिक एवं श्री सुशांत शुक्ला भी उपस्थित रहेंगे।
छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के तत्वावधान में आयोजित इस महानाट्य को लेकर आयोग के अध्यक्ष श्री विश्वविजय सिंह तोमर ने कहा कि शिवाजी महाराज स्वाभिमान, साहस और जनकल्याण के प्रतीक हैं। “जाणता राजा” केवल नाट्य प्रस्तुति नहीं, बल्कि स्वराज, शौर्य और राष्ट्रभावना का सशक्त संदेश है।
भव्य सेट, जीवंत दृश्यांकन और प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से यह आयोजन बच्चों में संस्कार, युवाओं में प्रेरणा और समाज में सकारात्मक चेतना जागृत करेगा। राज्य युवा आयोग ने सभी वर्गों से सपरिवार इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होने का आह्वान किया है।
