🚨“गांव-गांव मजबूत होगी पुलिस की पकड़”
बिलासपुर पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए कोटा सबडिवीज़न में कोटवार सम्मेलन का आयोजन किया गया।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मधुलिका सिंह एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) श्रीमती नूपुर उपाध्याय के निर्देशन में दिनांक 07.02.2026 को आयोजित इस सम्मेलन में थाना रतनपुर, कोटा एवं बेलगहना क्षेत्र के लगभग 60-70 ग्राम कोटवार उपस्थित रहे।

सम्मेलन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी श्रीमती नूपुर उपाध्याय ने कोटवारों को संबोधित करते हुए ग्राम स्तर पर बढ़ते अपराधों की रोकथाम, नशा विरोधी अभियान, साइबर अपराध से बचाव एवं जागरूकता, तथा बाहरी संदिग्ध घुमंतू/डेरावालों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया।

अधिकारियों ने वाहन दुर्घटनाओं की रोकथाम में ग्राम कोटवारों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए गांव में अपरिचित व्यक्तियों, संदिग्ध वाहनों एवं असामान्य गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने की समझाइश दी।
इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य ग्राम स्तर पर पुलिस की मजबूत पकड़ स्थापित करना एवं संभावित अपराधों की समय रहते रोकथाम सुनिश्चित करना है। कोटवारों को पुलिस बीट प्रणाली की विस्तृत जानकारी देते हुए समय-समय पर स्थानीय बीट स्टाफ के साथ संपर्क एवं समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
बिलासपुर पुलिस द्वारा ग्राम स्तर पर जनसहभागिता के माध्यम से अपराध नियंत्रण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
