03 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर…..
बिलासपुर/मस्तूरी
थाना मस्तूरी क्षेत्र अंतर्गत जयरामनगर स्थित साप्ताहिक बाजार में धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक बदमाश को मस्तूरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से धारदार चाकूनुमा गड़ासा बरामद किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने एवं असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने हेतु लगातार पेट्रोलिंग व भ्रमण किया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 02 फरवरी 2026 को सूचना मिली कि जयरामनगर साप्ताहिक बाजार के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर बाजार क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को भयभीत कर रहा है।

सूचना मिलते ही थाना मस्तूरी पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान अमन यादव उर्फ चीता (24 वर्ष), निवासी बेहतराई रोड, अशोक नगर, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई।
आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकूनुमा गड़ासा जप्त कर उसके विरुद्ध अप.क्र. 68/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मस्तूरी पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है।
