02 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर….
बिलासपुर
कहते हैं कि मजबूत इरादों के आगे कोई भी विपरीत परिस्थिति टिक नहीं पाती। इस कथन को साकार कर दिखाया है बिलासपुर के राज्य प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षणरत पैरा तीरंदाज तोमन कुमार ने, जिन्होंने 7वीं एनटीपीसी पैरा राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय फलक पर गौरवान्वित किया है।
30 जनवरी से 2 फरवरी 2026 तक एनएसआईएस पटियाला (पंजाब) में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में तोमन कुमार ने व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक तथा टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य को दोहरी सफलता दिलाई। टीम स्पर्धा में यह उपलब्धि उन्होंने अमित कीर्तनिया के साथ मिलकर हासिल की।
बालोद जिले के निवासी तोमन कुमार बीते दो वर्षों से बिलासपुर आर्चरी एकेडमी में नियमित रूप से तीरंदाजी का प्रशिक्षण ले रहे हैं। वे छत्तीसगढ़ पैरा तीरंदाजी टीम के मुख्य प्रशिक्षक श्री मनमोहन पटेल के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रहे हैं, वहीं प्रशिक्षक श्री पंकज सिंह का भी उनके प्रशिक्षण सफर में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

उल्लेखनीय है कि तोमन कुमार पूर्व में सीआरपीएफ के जवान रह चुके हैं। नक्सल ऑपरेशन के दौरान हुए आईईडी ब्लास्ट में उन्होंने अपना बायां पैर खो दिया था, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने उनके हौसले को तोड़ने के बजाय और मजबूत कर दिया। जीवन की इस बड़ी चुनौती के बाद उन्होंने खेल को अपना संबल बनाया और पैरा तीरंदाजी में नया मुकाम हासिल किया।
तोमन कुमार का सपना है कि वे भविष्य में पैरा ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करें और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश, राज्य व जिले का नाम रोशन करें। वर्ष 2017 से पूर्व वे सक्रिय रूप से देश सेवा में कार्यरत रहे और आज भी उसी राष्ट्रभक्ति और जज़्बे के साथ खेल के मैदान में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में खेल प्रेमियों के बीच उत्साह और गर्व का माहौल है। तोमन कुमार की संघर्षगाथा न केवल पैरा खिलाड़ियों, बल्कि सामान्य युवाओं के लिए भी एक प्रेरणास्रोत बनकर उभरी है।
आज तोमन कुमार केवल एक सफल पैरा तीरंदाज ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के पैरा खेल जगत के युथ आइकॉन के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि पर खेल अधिकारी श्री ए. एक्का सहित विभिन्न खेल संघों से जुड़े अधिकारियों ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
