केंद्रीय संचार ब्यूरो, बिलासपुर द्वारा समेकित लोकसंपर्क कार्यक्रम का आयोजन..
प्रतियोगिताओं, शपथ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से ग्रामीणों को किया प्रेरित..
28 जनवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर……
बिलासपुर/बिल्हा
भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधीन केंद्रीय संचार ब्यूरो, बिलासपुर द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत बिल्हा विकास खण्ड के आदिवासी आदर्श ग्राम मंजूरपहरी में एक दिवसीय समेकित लोकसंपर्क कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, महिला स्व-सहायता समूहों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, विद्यालयों के शिक्षक-कर्मचारियों, स्वच्छता मित्रों तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेने आई विभिन्न ग्रामों की टीमों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को व्यापक जनसमर्थन प्रदान किया।

स्वच्छता को बताया नागरिक जिम्मेदारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वच्छता मित्र रामदास मानिकपुरी ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से घर-आंगन के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया।
केंद्रीय संचार ब्यूरो, बिलासपुर के कार्यालय प्रभारी श्री कमल गिरी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा 16 जनवरी से 31 जनवरी तक देशभर में स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत जनभागीदारी के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
ग्राम सरपंच श्रीमती उषा देवी मिलन सिंह मरावी ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत गांव में घर-घर पक्के शौचालयों का निर्माण हुआ है और उनका शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर समान रूप से ध्यान देने की अपील की।

प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक गतिविधियां
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ भारत अभियान पर आधारित प्रश्नमंच, रंगोली प्रतियोगिता और कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। रंगोली प्रतियोगिता में कुमारी रोशनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उपस्थित जनसमूह को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई तथा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधों का वितरण किया गया।
गीत-नाटक दल द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक और विषयपरक गीतों के माध्यम से स्वच्छता संदेश प्रभावी रूप से ग्रामीणों तक पहुँचाया गया। कार्यक्रम ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच और सामूहिक जिम्मेदारी को नई दिशा दी।
