एसएसपी रजनेश सिंह रहे साथ, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए सख्त निर्देश
28 जनवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर…..
बिलासपुर/थाना–सरकंडा,थाना–कोनी
जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक संवेदनशील, पारदर्शी एवं आधुनिक बनाने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) श्री रामगोपाल गर्ग ने आज सरकंडा एवं कोनी थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह भी उनके साथ उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने थाना परिसर की साफ-सफाई, पुलिस अधिकारियों की अनुशासनात्मक स्थिति एवं वेशभूषा का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना भवन का भ्रमण कर विभिन्न शाखाओं और अभिलेखों की गहन जांच की तथा रिकॉर्ड संधारण की स्थिति का अवलोकन किया।

आईजी श्री गर्ग ने थाना परिसर में उपस्थित फरियादियों से स्वयं संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित थाना प्रभारी को त्वरित एवं वैधानिक निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थानों में आने वाले नागरिकों के साथ संवेदनशील, विनम्र और सम्मानजनक व्यवहार पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, विशेषकर महिलाओं और बच्चों के मामलों में विशेष सतर्कता बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान आईजी ने थानों में पीड़ितों के लिए पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, समय पर उपस्थिति एवं सेवा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने ‘अनुभव’ अभियान के तहत फरियादियों से फीडबैक प्राप्त करने के लिए क्यूआर कोड लगाने तथा ‘सशक्त’ ऐप में चोरी व लावारिस वाहनों की प्रविष्टि शीघ्रता से करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस अधीक्षक को इन कार्यों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने को कहा गया।

थानों के रिकॉर्ड एवं कार्यप्रणाली में पाई गई कमियों को एक सप्ताह के भीतर सुधारने के निर्देश देते हुए आईजी श्री गर्ग ने विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। इसके पश्चात उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भी निरीक्षण किया तथा निर्माणाधीन पुलिस अधीक्षक कार्यालय की प्रगति की जानकारी ली।
आईजी श्री रामगोपाल गर्ग ने कहा कि इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य रेंज में पदस्थापना के बाद जिले की पुलिसिंग की वास्तविक स्थिति, थाना कार्यप्रणाली और पुलिस अधिकारियों की समस्याओं को समझना तथा पुलिस कर्मियों को नागरिकों के प्रति अधिक संवेदनशील बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे निरीक्षण निरंतर जारी रहेंगे।
उन्होंने बताया कि जिले की पुलिस को हाईटेक बनाने, मोबाइल ऐप और आधुनिक तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देने को प्राथमिकता दी जा रही है और इस दिशा में कार्य प्रारंभ हो चुका है, जिसके सकारात्मक परिणाम शीघ्र ही फील्ड स्तर पर दिखाई देंगे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने कहा कि पुलिस महानिरीक्षक द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का गंभीरता से पालन कराया जाएगा तथा थाना स्तर पर व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित किया जाएगा।
